जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया विशेष कैंप का उद्घाटन, निर्वाचक सूची के गहन पुनरीक्षण हेतु दावा-आपत्ति प्रक्रिया शुरू
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई/बिहार : विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी नवीन भारती सेंट्रल सर्विस (भा.प्र.से.) ने प्रखण्ड कार्यालय सदर जमुई एवं नगर परिषद कार्यालय जमुई में विशेष कैंप का उद्घाटन किया। यह अभियान 1 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रारूप निर्वाचक सूची में नाम शामिल करने, संशोधन व विलोपन हेतु दावा-आपत्ति स्वीकार करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
सभी प्रखंडों में चलेगा विशेष कैंप:
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जमुई जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों के साथ-साथ नगर परिषद जमुई, झाझा एवं नगर पंचायत सिकंदरा में भी विशेष कैंप लगाए गए हैं। यह कैंप 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक प्रत्येक दिन (सोमवार से रविवार) प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक आयोजित होंगे।
प्रत्येक योग्य नागरिक दर्ज करा सकता है अपना नाम:
उन्होंने बताया कि ऐसे सभी नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश प्रारूप निर्वाचन सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे प्रारूप-6, घोषणा पत्र (Annexure-D) एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं।
नामांतरण व संशोधन हेतु प्रारूप-8 का प्रयोग:
जिन नागरिकों को अपने नाम, पते या अन्य विवरण में संशोधन अथवा स्थानांतरण कराना है, वे प्रारूप-8 एवं आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ आवेदन जमा करें। बिहार के बाहर से स्थानांतरित होने वाले नागरिकों के लिए घोषणा पत्र (Annexure-D) संलग्न करना अनिवार्य होगा।
छूटे नहीं एक भी मतदाता:
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे निर्वाचक सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज करें, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में हर पात्र नागरिक को मताधिकार का उपयोग करने का अवसर मिल सके।

No comments:
Post a Comment