राजगीर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक
नालंदा/बिहार: नालंदा के राजगीर खेल परिसर में आगामी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों — एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप (महिला/पुरुष) और एशिया कप हॉकी (पुरुष) चैंपियनशिप 2025 की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों वरीय अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए सुधृढ़ और समुचित तैयारी के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि:
- 9 व 10 अगस्त 2025 को एशिया रग्बी अंडर-20 रग्बी सेवेन्स चैंपियनशिप में 9 देशों की 16 टीमें भाग लेंगी।
- 26 अगस्त से 9 सितंबर 2025 तक एशिया कप हॉकी (पुरुष) चैंपियनशिप आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर खेल आयोजन की सुचारु रूप से सफलता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने विभिन्न कोषांगों/समितियों का गठन करते हुए संबंधित वरीय व नोडल पदाधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे।
प्रमुख व्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देश:
- खिलाड़ियों के आवागमन, यातायात नियंत्रण, आवास, खानपान,
- सुरक्षा व्यवस्था (ग्राउंड पर विशेष सतर्कता, एक्स-रे मशीन),
- चिकित्सा सहायता, हेल्प डेस्क, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई,
- दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था,
- प्रचार-प्रसार और अग्निशमन जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, नजारत शाखा उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, तथा अन्य प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार की सांस्कृतिक राजधानी राजगीर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक पहचान दिलाने का यह सुनहरा अवसर है, जिसे पूरी तैयारी और तालमेल से सफल बनाया जाएगा।




No comments:
Post a Comment