घनश्याम गुप्ता ने चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के महासचिव पद के लिए भरा नामांकन, वर्तमान कार्यकारिणी पर लगाए गंभीर आरोप
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव
झाझा, जमुई/बिहार : समाजसेवी घनश्याम गुप्ता ने सोमवार को जमुई जिला चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के महासचिव पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने मौजूदा कार्यकारिणी के कार्यशैली पर खुलकर नाराज़गी जाहिर की और संस्था को एक व्यक्ति विशेष की बंधक बनाने का आरोप लगाया।
घनश्याम गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि "चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स जैसी संस्था, जो व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए बनी है, उसे एक सीमित गुट ने पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है। आम व्यापारी की आवाज ना तो सुनी जाती है, और ना ही उसे संगठन से जोड़ने का ईमानदार प्रयास किया जा रहा है। आज जरूरत है बदलाव की, पारदर्शिता की और व्यापारी हितों की खुली लड़ाई की।"
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कार्यकारिणी "चेम्बर्स को गुलाम बना कर" चला रही है, जहाँ व्यापारी वर्ग की समस्याएं दरकिनार कर दी जाती हैं और फैसले बंद कमरे में लिए जाते हैं।
घनश्याम गुप्ता ने कहा कि यदि उन्हें मौका मिला, तो वे चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स को व्यापारियों का वास्तविक मंच बनाएंगे, जिसमें हर छोटे-बड़े व्यवसायी की भागीदारी होगी, और संस्था को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखा जाएगा।
नामांकन के समय उनके समर्थकों की भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने नारे लगाकर घनश्याम गुप्ता के समर्थन में माहौल बनाया।
अब सबकी निगाहें आने वाले चुनाव पर टिकी हैं, जहां यह देखा जाएगा कि क्या घनश्याम गुप्ता संगठन में बदलाव की बयार ला पाएंगे या फिर मौजूदा नेतृत्व को एक बार फिर से व्यापारी समुदाय का विश्वास मिलेगा।

No comments:
Post a Comment