प्रेम विवाह करने वाले युवक की ट्रेन से कटकर मौत, पत्नी ने की आत्महत्या की कोशिश
जमुई : जमुई के किउल-जसीडीह रेलखंड पर कटौना ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर प्रखंड के भोजहा गांव निवासी प्रभात कुमार दास के रूप में की गई है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी निभा कुमारी ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक प्रभात दास भोजहा निवासी सुनील दास का पुत्र था। बताया जाता है कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसे अपनी बहन की सहेली निभा कुमारी से प्रेम हो गया था, जो झाझा प्रखंड के सुगियाटांड़ गांव की रहने वाली है। दोनों ने 8 दिसंबर 2024 को घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया था और तब से साथ रह रहे थे।
मृतक की पत्नी निभा इस समय तीन माह की गर्भवती है। उसने बताया कि सोमवार की सुबह प्रभात यह कहकर निकला था कि वह बैंक से रुपये निकालने और इलाज कराने जा रहा है। इसके बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में बंटा हुआ बरामद किया गया।
पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी निभा ने भी आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग इसे अत्यंत दुखद व पीड़ादायक मान रहे हैं।

No comments:
Post a Comment