पैरामटिहाना गांव के लोगों ने एसपी से मिलकर हत्या के मामले में फंसाए जाने की दी गुहार - City Channel

Breaking

Tuesday, June 10, 2025

पैरामटिहाना गांव के लोगों ने एसपी से मिलकर हत्या के मामले में फंसाए जाने की दी गुहार

पैरामटिहाना गांव के लोगों ने एसपी से मिलकर हत्या के मामले में फंसाए जाने की लगायी गुहार 

सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल

सोनो :सोनो प्रखंड के पैरामटिहाना गांव से संबंधित एक विवादित हत्या मामले में मंगलवार को गांव के विकास मंडल और त्रिपुरारी मंडल ने जमुई के पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के 11 निर्दोष लोगों को एक सोची-समझी साजिश के तहत हत्या के मामले में फंसाया गया है।

विकास मंडल ने बताया कि 16 मई को पैरामटिहाना मध्य विद्यालय के पास मजदूरी को लेकर दीपक मंडल और राजकुमार मंडल के बीच विवाद हुआ था। उसी दिन जब वह और प्रमोद मंडल घर लौट रहे थे, तो रास्ते में राजकुमार मंडल के छोटे भाई कृष्णा मंडल समेत सात लोगों ने उन पर लोहे की रॉड और पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में विकास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल, फिर पटना पीएमसीएच, देवघर सदर अस्पताल और एम्स देवघर तक ले जाया गया। फिलहाल वे न्यूरोलॉजिस्ट की देखरेख में हैं।

घटना के बाद गांव में 24 मई को पंचायत बैठी, जिसमें सरपंच और पंचों की मौजूदगी में राजकुमार मंडल और कृष्णा मंडल पर इलाज का खर्च उठाने के लिए 3.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें से 50 हजार रुपये दीपक मंडल के खाते में भेजे भी गए थे।

लेकिन पैसे को लेकर राजकुमार मंडल और उसके साथियों के बीच पुनः विवाद हुआ। इसी बीच 1 जून की सुबह कृष्णा मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद राजकुमार मंडल ने गांव के 11 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया है और न्याय की उम्मीद में वे एसपी से मिलने पहुंचे हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages