जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, एएनएम समेत कई घायल
खैरा : जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर सिंगारपुर के पास मंगलवार को एक ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब ऑटो चालक ने सड़क पर अचानक आई एक बकरी से बचने की कोशिश की। ऑटो खैरा से जमुई की ओर आ रहा था।
इस दुर्घटना में सदर अस्पताल की एएनएम कुमारी रेणुका और सिंगारपुर निवासी सब्जी विक्रेता भोला साव गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमारी रेणुका जमुई सदर अस्पताल में मीटिंग में शामिल होने जा रही थीं, जबकि भोला साव सब्जी बेचने के लिए जमुई जा रहे थे।
घटना के बाद सभी घायलों को पहले खैरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। एएनएम कुमारी रेणुका की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जमुई सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि भोला साव को पटना रेफर किया गया है।
खैरा थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। सभी घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

No comments:
Post a Comment