"एक पेड़ मां के नाम" थीम पर मनाया विश्व पर्यावरण दिवस
🔻अलीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में हुआ सघन वृक्षारोपण, ग्रामीणों को किया गया जागरूक।
सिटी संवाददाता : मो० मुमताज़
अलीगंज : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अलीगंज प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान की विशेष थीम "एक पेड़ मां के नाम" रही, जिसके माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, बल्कि समाज को भावनात्मक रूप से भी जोड़ा गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक भारती, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी असलम हुसैन, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश यादव, उप प्रमुख प्रतिनिधि अरमान आलम, मुखिया प्रतिनिधि वाईपी सुमन, टिंकू राजा समेत कई पदाधिकारियों व प्रखंड कर्मियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
पर्यावरण संतुलन के लिए भावनात्मक पहल :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ अभिषेक भारती ने कहा कि बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए हर व्यक्ति को कम-से-कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाएं, ताकि भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण की रक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
पीओ असलम हुसैन ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी पंचायतों में मुखिया और प्रतिनिधियों के सहयोग से पौधारोपण किया गया और लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि “धरती मां की तरह इन पौधों की देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। ये अभियान माताओं के सम्मान के साथ-साथ हरियाली बढ़ाने का प्रयास है।”
पर्यावरण संकट के समाधान में वृक्षारोपण की भूमिका :
प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश यादव ने कहा कि क्लाइमेट चेंज जैसी वैश्विक आपदाओं से निपटने के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्बन कैप्चर के लिए पेड़ लगाना सबसे असरदार उपाय है।
रोजगार सेवक मोहम्मद जावेद ने पौधारोपण को जीवन की शुद्धता से जोड़ते हुए कहा कि पेड़ लगाने से न केवल पर्यावरण साफ़ होता है, बल्कि हमारा स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। वहीं मुखिया प्रतिनिधि वाईपी सुमन ने कहा कि हर व्यक्ति को पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए कम-से-कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।
टिंकू राजा ने पेड़ों द्वारा ऑक्सीजन देने और वायु प्रदूषण कम करने की भूमिका पर प्रकाश डाला। अरमान आलम ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और हरियाली में गिरावट से उत्पन्न पर्यावरण असंतुलन को रोकने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी हो गया है।
गौतम कुमार ने पेड़ों को "विष पीकर अमृत देने वाला" बताते हुए कहा कि जब पेड़ हमें जीवन देते हैं, तो हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम पेड़ों की रक्षा करें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
कार्यक्रम में बीडीओ अभिषेक भारती, पीओ असलम हुसैन, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश यादव, उप प्रमुख प्रतिनिधि अरमान आलम, मुखिया प्रतिनिधि वाईपी सुमन, रोजगार सेवक मो. जावेद, ऑपरेटर अजय कांत, धर्मेद्र कुमार, गौतम सिंह सहित अनेक प्रखंडकर्मी उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment