कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा मलयपुर बस्ती में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विधायक श्रेयसी सिंह रहीं मुख्य अतिथि - City Channel

Breaking

Thursday, June 12, 2025

कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा मलयपुर बस्ती में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विधायक श्रेयसी सिंह रहीं मुख्य अतिथि

कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा मलयपुर बस्ती में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विधायक श्रेयसी सिंह रहीं मुख्य अतिथि

🔹“किसान उत्पादक संघ अपनाकर अच्छी आमदनी पा सकते हैं” — विधायक श्रेयसी सिंह

सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा 

जमुई : जमुई जिले के मलयपुर बस्ती में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम में आज बतौर मुख्य अतिथि विधायक श्रेयसी सिंह ने शिरकत की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने इसे किसानों के लिए एक अनूठा अभियान बताया, जो खरीफ मौसम से पूर्व उन्हें खेती-बाड़ी की वैज्ञानिक जानकारी से जोड़ने का माध्यम बन रहा है।

विधायक ने बताया कि 15 दिनों तक चले इस अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, जमुई ने जिले के 135 गांवों में पहुंचकर लगभग 15,000 किसानों से सीधा संवाद किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा विकसित धान की "स्वर्ण श्रेया" किस्म कम वर्षा वाले क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है।

श्रेयसी सिंह ने मलयपुर एग्रो फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया और कहा कि ऐसे किसान उत्पादक संघों के माध्यम से आमदनी बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरें, यह उनकी प्राथमिकता है।

केंद्र प्रमुख डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि "स्वर्ण श्रेया" धान किस्म को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पटना के वैज्ञानिक डॉ. संतोष कुमार के सहयोग से विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक कंपनी से जुड़े किसानों को बीज उत्पादन और तकनीकी प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं, जिससे वे आगे बीज उत्पादन कर लाभ कमा सकें।

एफपीओ प्रतिनिधि आनंद कुमार ने बताया कि कंपनी में जुड़ने वाले किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं कार्यालय में उपलब्ध हैं और उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कार्यक्रम में समाजसेवी भावानंद सिंह, विनय कुमार पांडे, ब्रजेश सिंह राजपूत, प्रवीण सिन्हा, रिंकी कुमारी, अंजनी सिन्हा, खुशबू कुमारी, मनोज कुमार समेत क्षेत्र के 400 से अधिक किसानों ने भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Pages