नवोत्साह साहित्य संगम की जिला इकाई का गठन, महेश्वरी गांव में साहित्यप्रेमियों का जुटान
सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल
सोनो : जमुई जिले के सोनो प्रखंड स्थित महेश्वरी गांव में नवोत्साह साहित्य संगम की जिला इकाई का भव्य गठन संपन्न हुआ। यह आयोजन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर से सैकड़ों साहित्यप्रेमियों ने भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसे मंदिर के पुजारी व कथा वाचक मुकेश शास्त्री, राष्ट्रीय संयोजक अविनाश कुमार पाण्डेय और प्रांतीय संयोजक उत्पल भारद्वाज ने संयुक्त रूप से संपन्न किया।
कार्यक्रम के पहले सत्र में विवेकानंद पाण्डेय ने संचालन की जिम्मेदारी संभाली और सभी आमंत्रित कवियों का अंगवस्त्र से सम्मान किया। इसी सत्र में नव गठित जिला इकाई की औपचारिक घोषणा की गई।
घोषणा के अनुसार विवेकानंद पाण्डेय को जिला अध्यक्ष, मुकेश शास्त्री एवं बबलू आकाश पाण्डेय को जिला संरक्षक, विकास पांडेय और आशुतोष कुमार को सक्रिय सदस्य, तथा दीपक कुमार सिंह को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में प्रांतीय मीडिया प्रभारी नितेश कपूर ने कवि सम्मेलन का संचालन किया। सरस्वती वंदना के साथ आरंभ हुए इस सत्र में मुकेश शास्त्री ने उद्घाटन काव्य पाठ किया।
नवादा से आए गीतकार गौतम कुमार सरगम ने अपने मधुर गीतों और मुक्तकों से श्रोताओं को भावविभोर किया, वहीं विकास और आशुतोष जैसे नवोदित कवियों की प्रस्तुतियां भी सराही गईं।
हमारी संस्कृति कोचिंग संस्थान के छात्र-छात्राओं ने समूहिक कविता पाठ कर आयोजन को और भी साहित्यिक रंग में रंग दिया।
प्रांतीय संयोजक उत्पल भारद्वाज की ग़ज़लों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, तो युवा कवि नितेश कपूर की ओजपूर्ण वीर रस की कविताओं ने जनसमूह में जोश भर दिया।
अंत में राष्ट्रीय संयोजक अविनाश कुमार पाण्डेय ने संस्कृत में काव्य पाठ कर आयोजन की साहित्यिक गरिमा को नई ऊँचाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर यह घोषणा की गई कि जिले में प्रत्येक रविवार बच्चों के लिए काव्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
साहित्य, संस्कृति और सृजन के इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment