मोदी सरकार की नीतियां बनीं विश्व के लिए रोल मॉडल : प्रेमरंजन पटेल - City Channel

Breaking

Wednesday, June 11, 2025

मोदी सरकार की नीतियां बनीं विश्व के लिए रोल मॉडल : प्रेमरंजन पटेल

मोदी सरकार की नीतियां बनीं विश्व के लिए रोल मॉडल : प्रेमरंजन पटेल

🔹विकसित भारत का अमृत काल : सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जमुई में प्रेस वार्ता।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन

 जमुई : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक प्रेमरंजन पटेल ने कहा है कि मोदी सरकार की नीतियां आज विश्वभर में अनुकरणीय बन चुकी हैं, जो सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूलमंत्र पर आधारित हैं। उन्होंने मंगलवार को जमुई के सरकारी अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में यह बातें कहीं।

उन्होंने बताया कि 9 जून 2025 सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि उस परिवर्तनशील यात्रा की प्रतीक है, जिसने भारत की दशा और दिशा दोनों को नया आयाम दिया। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा किया और साथ ही लगातार 11 वर्षों के सुशासन का भी मुकाम हासिल किया।

‘विकसित भारत का अमृत काल’ पुस्तिका का उल्लेख :

प्रेमरंजन पटेल ने बताया कि इस अवसर पर केंद्र सरकार ने "विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल" नामक रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। यह 14 अध्यायों वाली पुस्तिका है, जिसमें 2014 से अब तक की प्रमुख योजनाएं, सुधार व उपलब्धियां शामिल की गई हैं। उन्होंने बताया कि इस दस्तावेज़ में गरीबों को शासन की आत्मा बताया गया है।

पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, 12 करोड़ से अधिक शौचालय, मुद्रा योजना, आकांक्षी जिलों का कायाकल्प, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने विकास को गांव-गांव तक पहुँचाया है।

महिला सशक्तिकरण और युवा नीतियां चर्चा में :

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले साल में महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता दी गई है। उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और महिला आरक्षण बिल ने महिलाओं को नीति-निर्माण में बराबरी की भूमिका दी है।

युवाओं के लिए स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और पीएम युवा योजना जैसे कार्यक्रमों ने उन्हें रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना दिया है।

रक्षा, विदेश नीति और मध्यम वर्ग की भी चर्चा :

प्रेमरंजन पटेल ने बताया कि हाल में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने अपनी सुरक्षा नीति में नया तेवर दिखाया है। 7 मई को शुरू हुए इस ऑपरेशन में तीनों सेनाओं ने सीमा पार 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। विदेश नीति के मोर्चे पर भारत की भूमिका पहले से कहीं प्रभावशाली हो गई है।

उन्होंने बताया कि जी20 की अध्यक्षता, वैश्विक मंचों पर भारत की सक्रियता, और 2029 तक तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनने का लक्ष्य भारत की बढ़ती ताकत का प्रमाण है।

स्थानीय नेतृत्व भी रहा मौजूद :

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी, अनिल दीक्षित, कार्तिक वर्मा, रंजीत सिंह, बृजनंदन सिंह, अजय पासवान, प्रकाश कुमार भगत, निर्मल कुमार सिंह, राजेंद्र यादव, विजय लहेरी, पूजा आर्य सहित कई पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अंत में श्री पटेल ने आह्वान किया कि भारत को विकसित राष्ट्र और महाशक्ति बनाने के लिए जनता को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को और अधिक मजबूती देने की आवश्यकता है।

No comments:

Post a Comment

Pages