“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सोनो में पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण
🔻प्रखंड मुख्यालय से लेकर पंचायतों तक फैला हरियाली का संदेश।
सोनो : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को सोनो प्रखंड मुख्यालय परिसर सहित सभी पंचायत क्षेत्रों में “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था, बल्कि समाज को भावनात्मक रूप से पेड़ों से जोड़ना भी रहा।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते मौसम से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से लोग न केवल पर्यावरण के प्रति सजग हो रहे हैं, बल्कि मातृत्व के सम्मान से भी भावनात्मक रूप से जुड़ रहे हैं।
महादलित बस्ती में भी बढ़ी हरियाली की पहल
इसी क्रम में दहियारी पंचायत के ग्राम बैलाटांड़ महादलित तुरी टोला में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बटिया थाना के एसआई लक्ष्मण सिंह, पंचायत रोजगार सेवक मनोज कुमार सुमन, पंचायत समिति प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, शिवनारायण तुरी, गुरुदेव तुरी, शंकर तुरी, झारी यादव, अर्जुन यादव, योगेंद्र यादव, प्रमोद यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल खुद पेड़ लगाएंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और हरियाली से भरपूर वातावरण मिल सके।
No comments:
Post a Comment