सोनो थाना में बाल श्रम निषेध दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम, पुलिसकर्मियों ने ली संकल्प शपथ - City Channel

Breaking

Thursday, June 12, 2025

सोनो थाना में बाल श्रम निषेध दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम, पुलिसकर्मियों ने ली संकल्प शपथ

सोनो थाना में बाल श्रम निषेध दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम, पुलिसकर्मियों ने ली संकल्प शपथ

सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल 

सोनो : बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को सोनो थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की, जिनके नेतृत्व में थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने बाल श्रम के उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से शपथ ली।

थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा —"हमारा यह नैतिक और सामाजिक दायित्व है कि हम बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित बचपन प्रदान करें। बाल मजदूरी केवल एक कानूनी अपराध नहीं, बल्कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सोनो थाना क्षेत्र में यदि कहीं भी बाल श्रम जैसी गतिविधियां पाई जाती हैं, तो उस पर त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसा माध्यम है, जिससे बच्चे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और अपने भविष्य को संवार सकते हैं। पुलिस का प्रयास रहेगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और उसे जीविका के लिए श्रमिक बनने की मजबूरी न हो।

इस कार्यक्रम में थाने के सभी पदाधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे और उन्होंने समर्पण भाव से शपथ ग्रहण किया कि वे बाल श्रम के विरुद्ध आवाज़ उठाएंगे और समाज में इसके प्रति चेतना फैलाएंगे।

यह कार्यक्रम न केवल थाने स्तर पर एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, बल्कि क्षेत्रीय लोगों के लिए भी एक मजबूत संदेश बनकर सामने आया कि बाल अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय है।

No comments:

Post a Comment

Pages