जमुई जिले के 1245 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम - City Channel

Breaking

Saturday, June 14, 2025

जमुई जिले के 1245 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम

जमुई जिले के 1245 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम

🔹58 दिनों तक गाँव-गाँव गूंजी महिलाओं की आवाज, दर्ज हुईं 30 हजार से अधिक आकांक्षाएं।

जमुई। ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में जिले भर में चलाया गया महिला संवाद कार्यक्रम 14 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिले के 1245 ग्राम संगठनों में 58 दिनों तक चले इस कार्यक्रम के दौरान कुल 2 लाख 52 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, वहीं 30224 महिलाओं की आकांक्षाएं भी दर्ज की गईं।

कार्यक्रम के दौरान जीविका से जुड़ी 10 हजार सफल महिलाओं ने अपनी आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियाँ साझा कीं। उन्हें राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं—जैसे मुख्यमंत्री कन्या उत्थान, पोशाक, साइकिल, मेधावृत्ति, किशोरी स्वास्थ्य, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कस्तूरबा गांधी विद्यालय और सावित्रीबाई फुले छात्रावास—के बारे में जानकारी दी गई।

डीपीएम संजय कुमार ने बताया कि सभी आकांक्षाएं मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम के सफल संचालन में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय सभी कर्मियों और दीदियों की प्रमुख भूमिका रही।

कार्यक्रम में करीब 20 हजार पुरुषों की भी भागीदारी रही, जो ग्रामीण परिवेश में महिला सशक्तिकरण के प्रति बढ़ते समर्थन को दर्शाता है। संवाद रथ द्वारा दिखाए गए 45 मिनट के वीडियो ने भी योजनाओं की जानकारी देने में अहम भूमिका निभाई।

प्रखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो:
चकाई में सर्वाधिक 33,210 महिलाओं ने भाग लिया, वहीं सोनो में 31,542, झाझा में 35,216, खैरा में 33,408, और जमुई सदर में 25,571 महिलाएं शामिल हुईं। हर प्रखंड से सैकड़ों-हजारों आकांक्षाएं सामने आईं।

महिलाओं की प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार के अवसर, वृद्धा एवं विधवा पेंशन की राशि में वृद्धि, जीविका भवन, विवाह भवन, नल-जल, आवास, परिवहन, सामुदायिक शौचालय और बैंक सुविधाएं। महिला संवाद के जरिए ग्रामीण महिलाओं की आवाज शासन तक पहुंची है, और अब उम्मीद है कि ये आकांक्षाएं नीतिगत निर्णयों में तब्दील होंगी।

No comments:

Post a Comment

Pages