लक्ष्मीपुर प्रखंड में आयोजित हुआ 'सखी वार्ता' कार्यक्रम
🔻सेविकाओं को मिली महिला अधिकारों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी।
सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा
लक्ष्मीपुर : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड में शनिवार 24 मई 2025 को महिला एवं बाल विकास निगम, जमुई के द्वारा ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रखंड की सभी आंगनबाड़ी सेविकाएं और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी शामिल हुईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेविकाओं को महिला और बाल अधिकारों, सुरक्षा कानूनों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि वे आगे इन जानकारियों को गाँव-समुदाय की महिलाओं और किशोरियों तक पहुँचा सकें।
इस संवाद कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC) के अधिकारियों द्वारा बाल विवाह और दहेज प्रथा उन्मूलन, साइबर सुरक्षा, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY), कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न अधिनियम (POSH Act), बच्चों के यौन शोषण से सुरक्षा कानून (POCSO) तथा PCPNDT एक्ट (गर्भावस्था में लिंग जांच निषेध अधिनियम) जैसे गंभीर और जरूरी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
सखी वार्ता कार्यक्रम के माध्यम से यह प्रयास किया गया कि सेविकाएं इन विषयों पर जागरूक हों और गाँव की अन्य महिलाओं को भी उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षणों के बारे में जागरूक करें। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को न सिर्फ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना आसान होगा, बल्कि वे सामाजिक कुरीतियों और अपराधों के विरुद्ध आवाज़ उठाने में भी सक्षम होंगी।
वहीं कार्यक्रम के अंत में सभी सेविकाओं को आवश्यक परामर्श और जागरूकता सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे सशक्त रूप से अपने समुदाय में जागरूकता फैला सकें।
यह बताते चलें कि इस प्रकार के सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम, जिला स्तर पर आयोजित यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।
No comments:
Post a Comment