जमुई मंडल कारा का प्रधान जिला जज ने किया निरीक्षण, बंदियों को कानूनी सहायता और बेहतर सुविधाओं का भरोसा - City Channel

Breaking

Sunday, May 18, 2025

जमुई मंडल कारा का प्रधान जिला जज ने किया निरीक्षण, बंदियों को कानूनी सहायता और बेहतर सुविधाओं का भरोसा

जमुई मंडल कारा का प्रधान जिला जज ने किया निरीक्षण, बंदियों को कानूनी सहायता और बेहतर सुविधाओं का भरोसा

जमुई : रविवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने जमुई मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद बंदियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राम दुलार राम तथा सिविल सर्जन डॉ. अमृत किशोर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

प्रधान जिला जज ने प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि जिन बंदियों के पास वकील नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क वकील और कोर्ट फीस मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि न्यायिक पारदर्शिता के साथ बंदियों के मानवाधिकारों की रक्षा भी न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

जज ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को पढ़ने-लिखने की सुविधाएं, पुस्तकें और स्टेशनरी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने कारा पुस्तकालय, रसोई घर, ध्यान-सह-योग केंद्र और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और शौचालयों की सफाई जैसी बुनियादी जरूरतों की भी जांच की गई।

उन्होंने विशेष तौर पर महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे छोटे बच्चों की स्थिति पर ध्यान देने और उनके लिए आवश्यक संसाधन मुहैया कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने हेतु समय-समय पर कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित करने की बात भी कही गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जेल मैनुअल के अनुसार सभी सुविधाएं समय पर और सुचारु रूप से दी जाएं।

मौके पर कारा अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Pages