जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम को एक महीना पूर्ण, डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं ने की भागीदारी - City Channel

Breaking

Sunday, May 18, 2025

जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम को एक महीना पूर्ण, डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं ने की भागीदारी

जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम को एक महीना पूर्ण, डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं ने की भागीदारी


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जमुई : जमुई जिले में 18 अप्रैल 2025 से संचालित महिला संवाद कार्यक्रम ने अपने संचालन का एक महीना पूर्ण कर लिया है। इस अवधि में जिले के सभी प्रखंडों के 673 गांवों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अब तक डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं ने भागीदारी की है।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याएं और आकांक्षाएं सीधे सरकार तक पहुंचाना तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। संवाद के दौरान जीविका समूह की सफल महिलाओं ने अपने अनुभव साझा कर अन्य महिलाओं को प्रेरित किया।

महिला संवाद के माध्यम से मिली मांगों के आधार पर बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड के गठन एवं निबंधन को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे महिलाओं को आसानी से व्यवसाय के लिए ऋण प्राप्त हो सकेगा। इससे जुड़ी जानकारी मिलते ही जीविका समूह की महिलाओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

कार्यक्रम में डिजिटल स्क्रीन के ज़रिए महिलाओं को सरकारी योजनाओं पर आधारित तीन 45 मिनट की फिल्में दिखाई जा रही हैं। साथ ही योजनाओं से संबंधित पर्चे और मुख्यमंत्री का संदेश पत्र भी वितरित किया जा रहा है।

अब तक जमुई जिले के 1245 ग्राम संगठनों में से 673 में कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। प्रतिदिन औसतन 22 गांवों में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से 300 महिलाएं भाग ले रही हैं।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को जमुई की जिलाधिकारी  अभिलाषा शर्मा ने खैरा प्रखंड के चुआ पंचायत के केवाल फरियात्ता गांव में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में पूरे राज्य में चलाया जा रहा है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और स्वावलंबन जैसे विषयों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages