राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल पर राज्य सरकार सख्त, तीन दिनों में लैपटॉप जमा कराने का निर्देश
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
जमुई :?राज्य में जारी राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अपराह्न 5:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई, जिसमें राज्यभर के जिलों से हड़ताल की स्थिति और उससे उत्पन्न समस्याओं की समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान जिलाधिकारियों से यह जानकारी ली कि उनके जिले में कुल कितने राजस्व कर्मचारी पदस्थापित हैं, उनमें से कितने हड़ताल पर हैं और कितने कार्य पर उपस्थित हैं। साथ ही यह भी जाना गया कि हड़ताल के मद्देनजर जिलों द्वारा कौन-कौन सी वैकल्पिक व्यवस्थाएँ की गई हैं।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो कर्मचारी हड़ताल पर हैं, वे अगले तीन दिनों के भीतर अपने विभागीय लैपटॉप संबंधित राजस्व शाखा में अनिवार्य रूप से जमा कराएं। साथ ही 26 मई को पूर्वाह्न 11 बजे जिला सभा कक्ष में एक ऑनलाइन राजस्व प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी अमीन, पंचायत सचिव तथा कार्यरत राजस्व कर्मचारियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
इस समीक्षा बैठक में जमुई जिले से जिलाधिकारीNN अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता (राजस्व) एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने भी भाग लिया और जिले की स्थिति से मुख्यालय को अवगत कराया।
राजस्व विभाग द्वारा उठाए गए इस सख्त रुख को हड़ताल से प्रभावित कार्यों को पटरी पर लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
No comments:
Post a Comment