शहीदों के सम्मान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली तिरंगा यात्रा
सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल
सोनो : सोनो प्रखंड में वीर शहीदों की शहादत को नमन करते हुए और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता तथा भारतीय सेना के साहस को सम्मानित करने के उद्देश्य से गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने किया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सोनो चौक से हुई जो मुख्य मार्ग से होते हुए प्रखंड कार्यालय तक पहुंची। यात्रा में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लिए "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "शहीद जवान अमर रहें" जैसे देशभक्ति नारों के साथ पूरे मार्ग को गूंजायमान कर दिया। यात्रा का समापन संत जेवियर्स हाई स्कूल के समीप हुआ, जहाँ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर सोनो भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय कुमार मंडल, बटिया भाजपा मंडल अध्यक्ष परशुराम कुमार मंडल, महेश्वरी मंडल अध्यक्ष दशरथ यादव, त्रिवेणी यादव, मनजीत कुमार सिंह, अशोक दास, चंदन पांडे, मुकेश मंडल, सुनील मंडल, प्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा न केवल देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करती है, बल्कि जवानों के बलिदान को भी जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनती है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले वीर जवानों का ऋण चुकाना असंभव है, लेकिन उनके सम्मान में ऐसे आयोजन करके उन्हें श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
No comments:
Post a Comment