छठ पूजा एवं गंगा उत्सव की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, पत्नेश्वर घाट का DM ने किया निरीक्षण
🔸साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: छठ महापर्व और गंगा उत्सव को लेकर जमुई जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पदाधिकारी ने पत्नेश्वर छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
जिला पदाधिकारी ने घाटों की नियमित सफाई, पहुंच पथ को सुगम बनाने तथा आयोजन स्थल पर जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
वहीं, गंगा उत्सव के आयोजन को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि छठ महापर्व की धार्मिक आस्था और गंगा उत्सव की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप आयोजन संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तथा नगर परिषद जमुई के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment