जमुई में 9 जनवरी को लगेगा जीविका का रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला, कुल 14 कंपनियाँ होंगी शामिल, 5वीं पास से स्नातक तक के युवा उठा सकेंगे लाभ
जमुई : दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को सोनो प्रखंड स्थित आदर्श मध्य विद्यालय के परिसर में जीविका के द्वारा रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें कुल 14 प्रतिष्ठित कंपनियाँ अपनी भर्ती प्रक्रियाओं में युवाओं को शामिल करेंगी।
मेले में भाग लेने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को चार पासपोर्ट आकार के फोटो, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र तथा फोटो पहचान पत्र की छाया प्रति साथ लानी होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बेरोजगार युवाओं को संगठित क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जीविका समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन करती रही है। इसी कड़ी में सोनो में लगाया जा रहा यह मेला युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
इस रोजगार मेले में SIS सिक्यूरिटी लिमिटेड, LIC जमुई, नवभारत फर्टिलाइज़र, जिला नियोजनालय (समुद्र पार नियोजन ब्यूरो), एयरटेल पेमेंट बैंक, आमधान ई, एल.एन.जे. स्किल्स, पी.एन.जी. एच.आर. सर्विस, 2050 हेल्थकेयर, परम स्किल्स, आरसेटी सहित कुल 14 कंपनियाँ शामिल हो रही हैं।
विभिन्न कंपनियों के लिए शैक्षणिक योग्यता एवं आयु सीमा अलग-अलग तय की गई है। 5वीं पास से लेकर स्नातक तक तथा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस मेले में भाग ले सकते हैं।
मेले में शामिल कंपनियाँ 12 हजार से 22 हजार रुपये तक मासिक वेतन की पेशकश कर रही हैं। जीविका ने अधिक से अधिक युवाओं से मेले में पहुँचकर रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment