खैरा के खेल भवन का होगा कायाकल्प, आधुनिक जिम से लेकर कुश्ती और ताइक्वांडो की मिलेगी ट्रेनिंग - City Channel

Breaking

Tuesday, November 3, 2026

खैरा के खेल भवन का होगा कायाकल्प, आधुनिक जिम से लेकर कुश्ती और ताइक्वांडो की मिलेगी ट्रेनिंग

खैरा के खेल भवन का होगा कायाकल्प, आधुनिक जिम से लेकर कुश्ती और ताइक्वांडो की मिलेगी ट्रेनिंग

🔸जिला प्रशासन और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच MoU पर हस्ताक्षर, तीन मंजिला भवन में विकसित होंगी आधुनिक खेल सुविधाएं।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई: जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला प्रशासन और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच खैरा स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला के पुनरुद्धार, संचालन एवं प्रबंधन को लेकर समझौता पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस पहल के तहत खैरा के तीन मंजिला खेल भवन को आधुनिक खेल एवं फिटनेस प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां बच्चों और युवाओं को विभिन्न खेलों के साथ शारीरिक फिटनेस एवं व्यक्तित्व विकास का अवसर मिलेगा।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जमुई में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें शुरुआती स्तर से ही विशेषज्ञ प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिले। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जमुई की पहचान पर्यटन, संस्कृति और उद्योग के साथ खेल के क्षेत्र में भी स्थापित हो तथा यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करें।

जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन की ट्रस्टी, कार्यकारी निदेशक एवं ग्रुप हेड-सीएसआर पूजा दवे ने बताया कि फाउंडेशन वर्ष 2016 से जमुई में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आजीविका के क्षेत्र में काम कर रहा है। वर्ष 2021 से खेल विकास परियोजना के तहत जिले के छह प्रखंडों में आठ प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से एथलेटिक्स और फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अब तक दो हजार से अधिक बच्चे इस परियोजना से जुड़ चुके हैं, जबकि करीब एक हजार बच्चे नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। परियोजना से जुड़े खिलाड़ियों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं। इनमें खेलो इंडिया, एसजीएफआई, सुब्रतो कप और एआईएफएफ की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

तीन मंजिलों पर होंगी अलग-अलग खेल सुविधाएं

खैरा स्थित खेल भवन की प्रत्येक मंजिल लगभग 10 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में फैली है। इसके भूतल पर कार्डियो, वेट और फंक्शनल ट्रेनिंग की सुविधाओं से युक्त आधुनिक जिम बनाया जाएगा। प्रथम तल पर विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की देखरेख में ताइक्वांडो और कुश्ती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, तीसरी मंजिल पर टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम के साथ योग, जुम्बा और एरोबिक्स जैसी गतिविधियां संचालित होंगी।

इस पहल से ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के उन बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जिन्हें संसाधनों और प्रशिक्षण के अभाव में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिल पाता।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला स्तरीय पदाधिकारी, जेएम फाइनेंशियल ग्रुप के प्रशिक्षक एवं सदस्य तथा मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages