छठव्रतियों की सेवा में आगे आए DM-SP, 500 महिलाओं को बांटी गई साड़ी और पूजन सामग्री, नरसिंह मंदिर में हुआ आयोजन
🔻अधिवक्ता अमित कुमार और रचना शर्मा की पहल पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, भगवान नरसिंह की पूजा कर अधिकारियों ने मांगी जिले की खुशहाली।
जमुई: छठ महापर्व के पावन अवसर पर जमुई में सामाजिक सेवा और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला। शहर के पुरानी बाजार स्थित श्री नरसिंह मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 500 छठव्रतियों के बीच साड़ी, सूप, डलिया और अन्य पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी पहुंचकर छठव्रतियों को अपने हाथों से पूजन सामग्री भेंट की।
श्री नरसिंह मंदिर के संस्थापक एवं जमुई विधिज्ञ संघ के महासचिव अधिवक्ता अमित कुमार तथा उनकी धर्मपत्नी रचना शर्मा की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। विशेष आमंत्रण पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक वातावरण में हुई। जिला पदाधिकारी ने भगवान नरसिंह की पूजा-अर्चना कर समस्त जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम में अधिकारियों ने सहभागिता निभाई।
इस दौरान पारंपरिक डलिया, सूप, साड़ी, फल, फूल, अगरबत्ती और शृंगार सामग्री समेत छठ पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। सामग्री मिलने पर छठव्रतियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने इस नेक पहल के लिए आयोजक परिवार के प्रति आभार जताया और आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमला प्रसाद सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल पूजन सामग्री वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज में सेवा, सहयोग, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया। जिला प्रशासन ने भी जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता, सुरक्षा और सावधानियों का पालन कर श्रद्धापूर्वक पर्व मनाने की अपील की।

No comments:
Post a Comment