खैरा प्रखंड के गांवों में छठ की धूम, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए घाट; परसा में बनारस के पंडितों ने कराई गंगा आरती - City Channel

Breaking

Sunday, November 15, 2026

खैरा प्रखंड के गांवों में छठ की धूम, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए घाट; परसा में बनारस के पंडितों ने कराई गंगा आरती

खैरा प्रखंड के गांवों में छठ की धूम, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए घाट; परसा में बनारस के पंडितों ने कराई गंगा आरती

🔸नरियाना, पूर्णा खैरा, हरनी और परसा समेत कई गांवों में आकर्षक सजावट; पहले अर्घ्य के बाद परसा घाट पर हुई भव्य आरती, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु

जमुई: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर खैरा प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रखंड के विभिन्न गांवों में छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कहीं भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की प्रतिमाएं स्थापित कर भव्य पंडाल बनाए गए, तो कहीं रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और साउंड सिस्टम से घाटों को सजाया गया।

नरियाना, पूर्णा खैरा, हरनी और परसा समेत कई गांवों के छठ घाटों पर विशेष सजावट की गई। वहीं, खैरा बाजार भी रोशनी से जगमगाता नजर आया। बाजार में जगह-जगह झुमकिया बल्ब लगाए गए, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

परसा घाट पर बनारस के पंडितों ने कराई गंगा आरती

छठ महापर्व के अवसर पर परसा गांव के छठ घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया। बनारस से पहुंचे पंडितों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराई। पहले अर्घ्य की संध्या में श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद भक्ति और श्रद्धा के बीच गंगा आरती हुई।

आयोजकों के अनुसार, दूसरे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आरती कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। इस आयोजन में विनोद सिंह, गुड्डन सिंह, संजीव सिंह, अंजनी सिंह और दिनकर सिंह की प्रमुख भूमिका रही।

घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

खैरा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।

No comments:

Post a Comment

Pages