छठ के संध्या अर्घ्य को लेकर जमुई प्रशासन की तैयारी पूरी, घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; झाझा में होगा भास्कर महोत्सव
🔸 DM और SP ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; आपातकालीन सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर।
जमुई: लोक आस्था के महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षित आवागमन और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
आपात स्थिति के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
छठ पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।
प्रशासन की ओर से जारी प्रमुख संपर्क नंबर इस प्रकार हैं:
* जिला नियंत्रण कक्ष: 06345-224799
* पुलिस अधीक्षक कार्यालय: 06345-222301, 06345-222302
* अनुमंडल नियंत्रण कक्ष: 06345-222006
* स्वास्थ्य विभाग: 06345-222820, 9470003337, 9835616861
* अग्निशमन पदाधिकारी: 7808412480
* विद्युत प्रमंडल: 7763814452
* मद्यनिषेध विभाग: 7004208801, 9473400616
सेल्फी के चक्कर में नदी और गहरे पानी में न जाएं युवा
जिला प्रशासन ने युवाओं एवं बच्चों से विशेष अपील की है कि छठ घाटों पर सेल्फी लेने या फोटो-वीडियो बनाने के दौरान नदी और गहरे पानी की ओर न जाएं। जलाशयों के किनारे सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष नजर रखने और उन्हें पानी के पास अकेले नहीं जाने देने की अपील की गई है।
झाझा के गौशाला घाट पर होगा भास्कर महोत्सव
छठ की सांस्कृतिक गरिमा और लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से रविवार को संध्या अर्घ्य के अवसर पर झाझा के गौशाला घाट पर भास्कर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोक आस्था, सूर्य उपासना और सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से आपसी सहयोग, संयम और सतर्कता के साथ महापर्व मनाने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी टीम तत्पर रहेगी।

No comments:
Post a Comment