एक साल से नल-जल योजना का इंतजार कर रहे महुगाय के ग्रामीण, टंकी बनी और पाइप बिछे, फिर भी नहीं पहुंचा पानी
🔸सोनो प्रखंड की गंदर पंचायत के वार्ड नंबर 4 का मामला, सड़क खोदकर छोड़ने से लोगों की बढ़ी परेशानी; ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग।
जमुई। सोनो प्रखंड की गंदर पंचायत के वार्ड नंबर 4 स्थित महुगाय गांव में करीब एक साल से नल-जल योजना का पानी घरों तक नहीं पहुंच रहा है। योजना के तहत बोरिंग कराने, पानी की टंकी का ढांचा खड़ा करने और पाइपलाइन बिछाने का काम तो किया गया, लेकिन अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा गया था, लेकिन संवेदक ने गड्ढों को ठीक से नहीं भरा। इसके कारण ग्रामीणों को खुद ही गड्ढे भरने पड़े। सड़क पर गंदगी जमा होने से भी लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब बोरिंग, पानी की टंकी और पाइपलाइन का काम पूरा हो चुका है तो आखिर पानी की सप्लाई अब तक क्यों शुरू नहीं की गई। उन्होंने विभाग और संवेदक से जल्द योजना चालू कराने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में जेई रिंकू से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
वहीं, गंदर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुनील रविदास ने कहा कि यह विभाग की योजना है। इसे जल्द चालू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सड़क की मरम्मत कराने की बात भी कही।
मौके पर अभिषेक शर्मा, गुड्डू शर्मा, रंजन शर्मा, वार्ड सचिव अमर शर्मा, सिंटू शर्मा, साधु मिस्त्री और विकास शर्मा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment