युवक पर चाकू से हमले के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार, न्यायालय भेजे गए
🔸गिद्धौर के रतनपुर गांव में मंगलवार देर रात हुई थी वारदात, रोशन कुमार गंभीर रूप से हुए थे घायल।
जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतनपुर निवासी सालेंद्र साह और उनकी पत्नी दुलारी देवी के रूप में हुई है। दोनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी गिद्धौर थाना कांड संख्या 235/26 के तहत हत्या के प्रयास के मामले में की गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात हुए चाकू से हमले में रोशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राशि मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और कार्रवाई करते हुए दुलारी देवी को गिरफ्तार कर थाने ले आईं। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को उनके पति सालेंद्र साह को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

No comments:
Post a Comment