जमुई के आदि चित्रगुप्त मंदिर में धूमधाम से हुई भगवान चित्रगुप्त की पूजा, भजन और सहभोज का आयोजन
🔸महिसौड़ी स्थित सुरेश पुरम सर्वदेव दिव्य धाम में उमड़े कायस्थ समाज के श्रद्धालु, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना।
जमुई। शहर के महिसौड़ी स्थित सुरेश पुरम सर्वदेव दिव्य धाम के आदि चित्रगुप्त मंदिर में बुधवार को भगवान चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जमुई जिला इकाई की ओर से आयोजित समारोह में जिले के विभिन्न इलाकों से कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए।
पूजा की तैयारियां करीब एक पखवाड़े से चल रही थीं। बुधवार सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा कराई। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
इसके बाद मंदिर परिसर में भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाज के लोगों और अतिथियों के लिए सामूहिक सहभोज की व्यवस्था भी की गई, जिसमें लोगों ने परिवार के साथ भाग लिया।
महासभा के जिला महासचिव डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त समस्त प्राणियों के पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखते हैं और कायस्थ समाज उन्हें अपना कुलदेवता मानता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को समाज के लोग परंपरागत रूप से उनकी पूजा करते आ रहे हैं।
प्रदेश सचिव अभिषेक सिन्हा ने कहा कि आदि चित्रगुप्त मंदिर का यह आयोजन समाज में एकता और आपसी मेलजोल को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अविनाश सिन्हा, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव राकेश कुमार रंजन, विपिन सिन्हा, भूपेंद्र सिन्हा और डॉ. अंजनी कुमार सिन्हा सहित कई लोग मौजूद रहे। इसके अलावा शास्त्री कॉलोनी, सिरचन नवादा और खैरमा में भी भगवान चित्रगुप्त की पूजा की गई।

No comments:
Post a Comment