लछुआड़ में मां काली पूजा और मेले का समापन, रानी पोखर में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में प्रतिमा विसर्जित
🔸जय मां काली के जयकारों से गूंजा इलाका, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए निकले श्रद्धालु; पुलिस की कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन।
जमुई। सिकंदरा प्रखंड के लछुआड़ में आयोजित तीन दिवसीय मां काली पूजा और मेले का समापन बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ हो गया। इस दौरान रानी पोखर में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मां काली की प्रतिमा विसर्जित की गई।
विसर्जन से पहले श्रद्धालुओं ने मंदिर में मां काली की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। बुधवार शाम करीब 4 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद जय मां काली के जयकारों के साथ प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला गया।
मंदिर से करीब 500 मीटर दूर स्थित रानी पोखर में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। जुलूस में महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। ढोलक और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर युवा झूमते हुए आगे बढ़े। पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल बना रहा।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। लछुआड़ थानाध्यक्ष रुपेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहे। पुलिस ने जुलूस से लेकर विसर्जन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रशासन और मंदिर कमेटी के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
इस मौके पर अवर निरीक्षक दीपक कुमार, अनुपम कुमारी, मंदिर कमेटी अध्यक्ष राकेश वर्णवाल, सचिव मधुकर सिंह, कोषाध्यक्ष मनोज यादव, उपकोषाध्यक्ष विश्वनाथ रविदास, राकेश कुमार चौधरी सहित कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment