चकाई में नवनिर्मित चित्रगुप्त मंदिर में हुई प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ माहौल
🔸विभिन्न गांवों में श्रद्धा के साथ मनी चित्रगुप्त पूजा, कलम-दवात और बही-खाते की हुई पूजा; श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया महाप्रसाद।
जमुई। चकाई प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को भगवान चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर वायरलेस चौक स्थित स्व. प्रदीप कुमार के समाधि स्थल के समीप नवनिर्मित सार्वजनिक चित्रगुप्त मंदिर में भगवान की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
दिलीप कुमार और धर्मवीर आनंद की मौजूदगी में आयोजित प्रतिष्ठा समारोह में आचार्य शिवनंदन पांडेय, शालिग्राम पांडेय सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार, जप और हवन-पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसके अलावा कियाजोरी, उरवा, कानूनगो बांग्ला, बटपार और कांसरायडीह सहित विभिन्न गांवों में कायस्थ समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा की। श्रद्धालुओं ने कलम-दवात और बही-खाते की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद महाप्रसाद वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन भी हुआ।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के झारखंड प्रदेश सचिव राजेश प्रसाद ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की पूजा समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देती है। वहीं, प्रखंड अध्यक्ष बम शंकर अंबष्ट ने इसे समाज की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक बताया।
आयोजनकर्ता धर्मवीर आनंद ने मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा को समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कार विकसित करना और समाज को एक मंच पर लाना है।
मौके पर परमवीर आनंद, दानवीर आनंद, शिवपूजन सहाय, डॉ. धर्मेंद्र सिन्हा, सुनील सिन्हा, सुरेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment