नशे के खिलाफ एकजुट हुईं जीविका दीदियां, झाझा के चार संकुल संघों में चला जागरूकता अभियान - City Channel

Breaking

Tuesday, November 3, 2026

नशे के खिलाफ एकजुट हुईं जीविका दीदियां, झाझा के चार संकुल संघों में चला जागरूकता अभियान

नशे के खिलाफ एकजुट हुईं जीविका दीदियां, झाझा के चार संकुल संघों में चला जागरूकता अभियान

🔸जिले के 9 संकुल संघों, 243 ग्राम संगठनों और 2152 स्वयं सहायता समूहों तक पहुंचा नशामुक्ति अभियान

जमुई: नशामुक्त बिहार के निर्माण को लेकर जमुई जिले में जीविका दीदियों ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को झाझा प्रखंड के चार जीविका महिला संकुल स्तरीय संघों में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प दिलाया गया।

जिला प्रशासन, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, जीविका तथा ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत झाझा प्रखंड के अटल, अधिकार, अवतार और आजाद जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

करहरा में संचालित अटल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष रिंकु कुमारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बोड़बा, करमा, बैजला, पैरगाहा, छापा और करहरा पंचायतों से जुड़ी जीविका दीदियों ने भाग लिया। महिलाओं ने नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और संपूर्ण नशामुक्त समाज बनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ की अध्यक्ष रिंकु देवी ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। वहीं, जीविका झाझा के प्रखंड परियोजना प्रबंधक विकास रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि नशा समाज के लिए कलंक है। इसे समाप्त करने के लिए ग्राम संगठन और स्वयं सहायता समूहों के स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़ी कृति दीदी, सरिता दीदी, खुशबू दीदी और सीता दीदी ने महिलाओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। साथ ही मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया गया।

जिले के 2152 समूहों तक पहुंचा अभियान

जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि 27 अक्टूबर से शुरू हुए नशामुक्त बिहार अभियान के तहत अब तक जिले के 9 संकुल स्तरीय संघों, 243 ग्राम संगठनों और 2152 स्वयं सहायता समूहों में नशामुक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। जीविका दीदियां बैठकों, शपथ कार्यक्रमों और जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों, सामाजिक विकास प्रबंधक रविन्द्र कुमार, सामुदायिक समन्वयकों, एमआरपी, कम्युनिटी मोबिलाइजर और बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment

Pages