जल-जीवन-हरियाली दिवस पर विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नशामुक्त समाज बनाने की अपील - City Channel

Breaking

Tuesday, November 3, 2026

जल-जीवन-हरियाली दिवस पर विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नशामुक्त समाज बनाने की अपील

जल-जीवन-हरियाली दिवस पर विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नशामुक्त समाज बनाने की अपील

🔸सरस्वती विद्या निकेतन सतायन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, नुक्कड़ नाटक से जल संरक्षण और हरियाली का महत्व समझाया।

जमुई: जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर मंगलवार को जमुई में जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), सतायन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान 'जल-जीवन-हरियाली : जन जागरूकता से सतत विकास की ओर सामूहिक पहल' विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें जल संचयन, वृक्षारोपण, स्वच्छता और हरित आवरण के विस्तार में आम लोगों की भागीदारी को जरूरी बताया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को जल-जीवन-हरियाली अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि उसे अपने व्यवहार और जीवनशैली में अपनाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के साथ नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने स्वच्छता एवं अनुशासन को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति और घर से होती है। छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें बड़े सामाजिक बदलाव का आधार बन सकती हैं।

नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभाव और नशामुक्त समाज की आवश्यकता को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने युवाओं और भावी पीढ़ी की भूमिका को रेखांकित करते हुए लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, संबंधित विभागों के कर्मियों, वरीय पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन के माध्यम से लोगों से जल संरक्षण, हरियाली, स्वच्छता और नशामुक्ति को सामूहिक संकल्प के रूप में अपनाने की अपील की गई।

No comments:

Post a Comment

Pages