महिला सुरक्षा से आर्थिक आत्मनिर्भरता तक की जानकारी, सखी वार्ता में छात्राओं को बताई गईं सरकारी योजनाएं - City Channel

Breaking

Tuesday, November 3, 2026

महिला सुरक्षा से आर्थिक आत्मनिर्भरता तक की जानकारी, सखी वार्ता में छात्राओं को बताई गईं सरकारी योजनाएं

महिला सुरक्षा से आर्थिक आत्मनिर्भरता तक की जानकारी, सखी वार्ता में छात्राओं को बताई गईं सरकारी योजनाएं

🔸 सिकंदरा के श्रीकृष्ण विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबर, साइबर सुरक्षा और बालिका सशक्तिकरण योजनाओं की दी गई जानकारी।

जमुई: बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को सिकंदरा स्थित +2 श्रीकृष्ण विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला महिला एवं बाल विकास निगम, जमुई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र), महिला हेल्पलाइन 181, नारी अदालत, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके अलावा बालिकाओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई।

साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सावधानी बरतने के उपायों पर विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सहायता नंबर 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकास कुमार ने छात्राओं को बचत, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन में सावधानी और आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने छात्राओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनने और भविष्य के लिए बचत की आदत विकसित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया। छात्राओं को बताया गया कि शिक्षा, आत्मविश्वास और अपने अधिकारों की जानकारी के माध्यम से वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।

इस अवसर पर लेखा सहायक प्रताप सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर चंदन कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित, शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

No comments:

Post a Comment

Pages