छठ के बाद भी स्वच्छ रहे सतगामा घाट, 567वीं साइकिल यात्रा के जरिए ‘साईकिल यात्रा एक विचार’ ने दिया स्वच्छता का संदेश - City Channel

Breaking

Monday, November 16, 2026

छठ के बाद भी स्वच्छ रहे सतगामा घाट, 567वीं साइकिल यात्रा के जरिए ‘साईकिल यात्रा एक विचार’ ने दिया स्वच्छता का संदेश

छठ के बाद भी स्वच्छ रहे सतगामा घाट, 567वीं साइकिल यात्रा के जरिए ‘साईकिल यात्रा एक विचार’ ने दिया स्वच्छता का संदेश

🔸घाट परिसर में चलाया गया सफाई अभियान, निजी जमीन पर किया गया पौधारोपण; सदस्यों ने पूरे साल नियमित स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

जमुई: छठ महापर्व समाप्त होने के बाद भी नदी और छठ घाटों की स्वच्छता बनी रहे, इसी उद्देश्य से ‘साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ ने अपनी 567वीं साप्ताहिक साइकिल यात्रा के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। नगर परिषद क्षेत्र के सतगामा घाट पर आयोजित इस अभियान में संस्था के सदस्यों ने घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान घाट के समीप निजी जमीन पर पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए अजीत कुमार ने कहा कि छठ के अवसर पर नदी और घाटों की सफाई केवल पर्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए पूरे वर्ष सामूहिक जिम्मेदारी के साथ नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ प्रकृति, जल, सूर्य और स्वच्छता के प्रति हमारी श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक है। जिस नदी और घाट पर श्रद्धालु आस्था के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, उसकी स्वच्छता बनाए रखना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्लास्टिक और पूजन सामग्री घाटों पर नहीं छोड़ें

संस्था के सदस्य गोलू कुमार और रामप्रवेश कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति और जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश देता है। पर्व समाप्त होने के बाद घाटों पर प्लास्टिक, पूजन सामग्री, कपड़े एवं अन्य कचरा छोड़ना आस्था की भावना के विपरीत है।

उन्होंने नगर परिषद, स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से सतगामा घाट पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की पहल करने की अपील की।

इस अवसर पर अजीत कुमार अभिमन्यु, कुमार, प्रिंस कुमार, गौतम कुमार, वीर कुमार, रामप्रवेश कुमार एवं गोलू कुमार सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

साइकिल यात्रा के माध्यम से संस्था ने संदेश दिया कि स्वच्छता किसी एक पर्व या अवसर की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नियमित जिम्मेदारी है।

No comments:

Post a Comment

Pages