खुरंडा पंचायत के 300 छठ व्रती गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज रवाना, पांच बसों की हुई व्यवस्था
🔸मुखिया मंजू देवी ने चार साल से जारी रखी है निशुल्क सेवा, नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर बसों को किया रवाना
जमुई। सिमुलतला थाना क्षेत्र की खुरंडा पंचायत और आसपास के करीब 300 छठ व्रती बुधवार को गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज रवाना हुए। व्रतियों की सुविधा के लिए पांच बसों की निशुल्क व्यवस्था की गई थी।
पंचायत की मुखिया मंजू देवी, प्रतिनिधि रामदेव यादव, ग्राम भारती सर्वोदय आश्रम सिमुलतला के संचालक कुमार विमलेश और समाजसेवी जय प्रकाश यादव ने नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
मुखिया मंजू देवी ने कहा कि छठ व्रतियों को गंगा स्नान के लिए आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। पिछले चार वर्षों से लगातार निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है और आगे भी इसे जारी रखा जाएगा।
वहीं, रामदेव यादव ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद अक्सर लोग अपने वादे भूल जाते हैं, लेकिन उनका प्रयास जनता से किए गए वादों को मिलकर पूरा करना है। गंगा स्नान के लिए बसों की व्यवस्था इसी सामाजिक पहल का हिस्सा है।
बताया गया कि मुखिया मंजू देवी पिछले पांच वर्षों से पंचायत के हिंदू परिवारों में किसी सदस्य की मृत्यु होने पर श्राद्ध भोज के लिए भी सहायता करती हैं। इसके तहत दही, चूड़ा, गुड़ और चने का पूरा खर्च अपने निजी कोष से उठाती हैं। अब तक 100 से अधिक परिवारों को इसका लाभ मिल चुका है।
इस मौके पर वार्ड सदस्य हैदर अली, भोला ठाकुर, मन्नू यादव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment