नशामुक्त समाज बनाने के लिए आगे आईं जीविका दीदियां, चकाई के पांच संकुलों में चला जागरूकता अभियान - City Channel

Breaking

Monday, November 2, 2026

नशामुक्त समाज बनाने के लिए आगे आईं जीविका दीदियां, चकाई के पांच संकुलों में चला जागरूकता अभियान

नशामुक्त समाज बनाने के लिए आगे आईं जीविका दीदियां, चकाई के पांच संकुलों में चला जागरूकता अभियान

🔸ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में दीदियों ने लिया नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई: जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जीविका दीदियों ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को चकाई प्रखंड के पांच संकुल स्तरीय संघों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों में जीविका दीदियों को शराब और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम चकाई के तिरंगा, माधोपुर के हिंदुस्तान, चन्द्रमंडीह के आराधना, कियाजोरी के प्रगतिशील तथा बिछकोरवा के उड़ान संकुल स्तरीय संघ में आयोजित हुआ। इसमें जीविका, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग तथा ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस दौरान उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर पिंटू कुमार तथा ब्रह्माकुमारी संस्था की बीके कृति दीदी, बीके खुशबू दीदी, बीके सीता दीदी और बीके रवि भाई ने लोगों को जागरूक किया। जीविका के जिला कार्यालय से प्रबंधक सामाजिक विकास रवींद्र कुमार, प्रबंधक संचार सुनीता कुमारी और चकाई के बीपीएम संजीव कुमार वर्मा सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ती है और बच्चों की शिक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने आध्यात्मिक सत्र के माध्यम से स्वयं में बदलाव लाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बिहार सरकार की मद्य निषेध नीति को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के उद्देश्य से 'गांव का संकल्प' कार्यक्रम के तहत जिले के 31 संकुल संघों में 2 से 7 नवंबर तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages