चंद्रमंडीह में भाजपा नेता के बंद मकान में लाखों की चोरी, 6 लाख की संपत्ति ले उड़े चोर - City Channel

Breaking

Wednesday, November 11, 2026

चंद्रमंडीह में भाजपा नेता के बंद मकान में लाखों की चोरी, 6 लाख की संपत्ति ले उड़े चोर

चंद्रमंडीह में भाजपा नेता के बंद मकान में लाखों की चोरी, 6 लाख की संपत्ति ले उड़े चोर

🔸नावाडीह गांव में तीन कमरों की कुंडी और गोदरेज के ताले तोड़कर वारदात; सोने-चांदी के जेवर, टीवी, मोटर और महंगे कपड़ों पर किया हाथ साफ।

जमुई। चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में चोरों ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं मुंगेर जिला प्रभारी मनोरंजन पांडेय के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोर घर के पीछे स्थित बगान की कटीली तार काटकर परिसर में दाखिल हुए और तीन कमरों की कुंडी तोड़कर करीब साढ़े पांच से छह लाख रुपये की संपत्ति चुरा ले गए।

जानकारी के अनुसार, मनोरंजन पांडेय के गांव में दो मकान हैं। नए मकान में उनके मंझले भाई का परिवार रहता है, जो फिलहाल सूरत गया हुआ है। भतीजे के भी चार दिन पहले सूरत चले जाने के बाद मकान में ताला लगा था। दिन में गोशाला की देखभाल के लिए घर आना-जाना होता था, जबकि रात में वे पुराने मकान में सोने चले जाते थे।

सुबह जब वे नए मकान पहुंचे तो बाहर एक बक्सा फेंका हुआ मिला। संदेह होने पर अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजे की कुंडी कटी हुई थी और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि चोर पीछे की कटीली तार काटकर घर में घुसे थे। उन्होंने तीन कमरों की कुंडी तोड़ने के साथ दो गोदरेज और तीन बड़े ट्रंक के ताले भी तोड़ दिए।

चोर सोने का नेकलेस, अंगूठी, कान की बाली, मांगटीका और चांदी की पायल समेत अन्य जेवरात ले गए। इसके अलावा एलईडी टीवी, क्रॉम्पटन कंपनी का 2 एचपी मोटर, कांसा, पीतल और स्टील के बर्तन, कंबल, रजाई तथा महंगे कपड़ों की भी चोरी की गई। घर में नकदी नहीं थी। पीड़ित ने चोरी गई संपत्ति का मूल्य करीब छह लाख रुपये बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages