जमुई में राज्य स्तरीय अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन भागलपुर और मगध ने दर्ज की जीत
🔸भागलपुर ने कोशी को 11 रन से और मगध ने सारण को 47 रन से हराया, मो. इनाम शोएब और रनवीर अमरेन्द्र कुमार बने मैन ऑफ द मैच।
जमुई: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राज्य स्तरीय बालक अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 से 20 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता में पटना, मुंगेर, तिरहुत, कोशी, भागलपुर, पूर्णिया, सारण, दरभंगा और मगध प्रमंडल की टीमें शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी हैं। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और जिला खेल पदाधिकारी परिमल के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में कुल आठ मुकाबले खेले जाएंगे। नॉकआउट और सेमीफाइनल मैच 15-15 ओवर के, जबकि फाइनल 20 ओवर का होगा।
**भागलपुर ने कोशी को 11 रन से हराया**
पहला मुकाबला श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई में भागलपुर और कोशी प्रमंडल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोशी की टीम ने 15 ओवर में 3 विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में भागलपुर की टीम 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 163 रन बना सकी। इस तरह भागलपुर ने 11 रन से जीत दर्ज की।
भागलपुर की ओर से मो. इनाम शोएब ने 32 गेंदों में 55 और अनुकूल ने 31 गेंदों में 44 रन बनाए। कोशी की ओर से सईद रबाब ने 48, अंकित कुमार ने 34 और अभिषेक सिंह ने 19 रन का योगदान दिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए मो. इनाम शोएब को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
**मगध ने सारण को 47 रन से दी शिकस्त**
दूसरा मुकाबला सोनपे मैदान में सारण और मगध प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सारण ने पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करते हुए मगध की टीम ने 15 ओवर में 4 विकेट पर 156 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम 15 ओवर में 9 विकेट पर 109 रन ही बना सकी। इस तरह मगध ने 47 रन से मुकाबला जीत लिया।
मगध की ओर से रनवीर अमरेन्द्र कुमार ने 34 गेंदों में 55 रन की शानदार पारी खेली। आकाश दिलखुश ने 32 और अमन ने 26 रन बनाए। सारण की ओर से आर्यन राज ने 32 और प्रशांत कुमार ने 30 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए रनवीर अमरेन्द्र कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस आयोजन से राज्य के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। साथ ही खेल भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को भी बढ़ावा मिलेगा।

No comments:
Post a Comment