राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जमुई में परिचर्चा, DM बोले- लोकप्रियता की होड़ में पत्रकारिता की विश्वसनीयता से न हो समझौता
🔸पत्रकारिता : लोकप्रियता या जिम्मेदारी’ विषय पर जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों ने रखे विचार, जिले के विकास, पर्यटन और जनहित के मुद्दों को मिलकर उठाने का लिया संकल्प।
जमुई: राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 के अवसर पर बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा आयोजित की गई। इस वर्ष की थीम ‘Journalism: Populist or Responsible’ यानी ‘पत्रकारिता : लोकप्रियता या जिम्मेदारी’ पर चर्चा करते हुए पत्रकारिता की निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय सूचना क्रांति और सूचना विस्फोट का दौर है। डिजिटल और सोशल मीडिया के विस्तार से खबरों का प्रसार तेजी से हो रहा है। ऐसे में पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती खबरों की सत्यता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि व्यूज और लोकप्रियता की प्रतिस्पर्धा में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं होना चाहिए। किसी भी खबर को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना, सभी संबंधित पक्षों को सुनना और उसके सामाजिक प्रभाव को समझना जरूरी है। पत्रकारिता की असली पहचान उसकी विश्वसनीयता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता है।
जमुई की सकारात्मक पहचान को आगे बढ़ाने में मीडिया की भूमिका अहम
जिलाधिकारी ने जिले में गंगा आरती, गुरमाहा में सामूहिक छठ महापर्व आयोजन, पर्यटन विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय मीडिया ने जमुई की सकारात्मक गतिविधियों और बदलती पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने अपने स्वागत संबोधन में स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश के लोकतांत्रिक विकास तक पत्रकारों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्यों को धरातल पर उतारना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जबकि इन प्रयासों और उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नक्सलवाद के दौर से वर्तमान हालात तक मीडिया की भूमिका पर चर्चा
परिचर्चा में पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। खबरों की प्रामाणिकता, निष्पक्षता, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं के प्रसार और डिजिटल पत्रकारिता की चुनौतियों पर चर्चा हुई। साथ ही नक्सलवाद के दौर में समाचार संकलन की कठिनाइयों और वर्तमान में जिले के बदले सामाजिक एवं प्रशासनिक परिवेश पर भी विचार साझा किए गए।
जिले के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प
कार्यक्रम में जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच आपसी संवाद, विश्वास और समन्वय मजबूत करने पर सहमति बनी। सभी ने जमुई के पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, विकासात्मक संभावनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा जिले की सकारात्मक पहचान को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment