जमुई के 12 हजार लोगों को मिलेगा मुफ्त राशन का लाभ, 3600 नए राशन कार्ड वितरित
🔸83 नए जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को भी मिलेगा लाइसेंस, अगले महीने होगी प्रक्रिया।
जमुई। जिले में खाद्य सुरक्षा योजना का दायरा बढ़ाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। बिहार सरकार की ओर से राज्यभर में 24 लाख नए राशन कार्ड वितरित किए गए हैं। इसी क्रम में जमुई जिले में जिला पदाधिकारी द्वारा 3600 नए राशन कार्डों का वितरण किया गया है। इससे जिले के लगभग 12 हजार उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह निःशुल्क 5 किलोग्राम खाद्यान्न योजना का लाभ मिल सकेगा।
बुधवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यस्तर पर नए राशन कार्डों का वितरण किया। इस अवसर पर राज्य में लगभग 1500 नए जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति भी प्रदान की गई।
वहीं, जमुई जिले में राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक सुलभ बनाने के लिए 83 नए जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को आगामी माह में लाइसेंस दिया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में राशन वितरण की पहुंच बढ़ेगी तथा लाभुकों को खाद्यान्न प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
जिला प्रशासन की इस पहल से अधिक से अधिक पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे।

No comments:
Post a Comment