जमुई में 147 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की तैयारी तेज, 101 स्थलों के लिए मांगा गया NOC - City Channel

Breaking

Thursday, November 12, 2026

जमुई में 147 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की तैयारी तेज, 101 स्थलों के लिए मांगा गया NOC

जमुई में 147 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की तैयारी तेज, 101 स्थलों के लिए मांगा गया NOC 

🔸डीडीसी शिप्रा विजयकुमार चौधरी ने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश।

जमुई। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण और ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को उप विकास आयुक्त शिप्रा विजयकुमार चौधरी की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा के तहत निर्धारित 147 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई।

समीक्षा के दौरान 101 स्थलों के लिए भूमि का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने सभी अंचल अधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों और कार्यक्रम पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से संयुक्त रूप से भूमि का चयन कर आवश्यक NOC उपलब्ध कराने को कहा।

मनरेगा के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन सुनिश्चित करने, मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान करने तथा अकुशल एवं अर्द्धकुशल मजदूरों का ई-केवाईसी पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

वहीं, जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत सार्वजनिक तालाबों, आहर-पईन के जीर्णोद्धार, चापाकलों के किनारे सोख्ता निर्माण, चेक डैम, जल संचयन संरचनाओं और सरकारी भवनों में छत वर्षा जल संचयन के कार्यों की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

डीडीसी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्ण एवं प्रगतिरत योजनाओं का विवरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ICDS), विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages