🔸सत्य, अहिंसा, अनुशासन और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश; डीएम ने बच्चों को नशे से दूर रहने और तकनीक के सकारात्मक उपयोग की दी सीख।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिला स्तरीय पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों और बच्चों ने भी गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन, आचरण और व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने बच्चों को सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी जैसे गांधीजी के मूल्यों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
नशे से दूर रहें, तकनीक का सकारात्मक उपयोग करें
जिला पदाधिकारी ने बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से हमेशा दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक ज्ञान और शिक्षा का प्रभावी माध्यम है। इसलिए इसका उपयोग अध्ययन, ज्ञान-वृद्धि और व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके संस्कार, व्यवहार और सोच आने वाले समाज की दिशा तय करेंगे। गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, अनुशासन और संवेदना को जीवन का आधार बनाना ही राष्ट्रपिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

No comments:
Post a Comment