जमुई की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, विकसित ग्राम पंचायत योजना पर हुआ मंथन - City Channel

Breaking

Friday, October 2, 2026

जमुई की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, विकसित ग्राम पंचायत योजना पर हुआ मंथन

🔸गांधी जयंती पर पंचायतों में आयोजित हुई विशेष ग्राम सभाएं, VB-G RAM G के प्रावधानों और ग्रामीण रोजगार-आजीविका योजनाओं की दी गई जानकारी।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जमुई जिले के सभी प्रखंडों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विकसित ग्राम पंचायत योजना तथा विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G के प्रावधानों और उद्देश्यों की जानकारी दी गई।

जमुई प्रखंड की चौड़ीहा पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा की अध्यक्षता मुखिया ने की। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जमुई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ग्राम सभा में कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रोजगार और आजीविका पर जोर

विशेष ग्राम सभा के दौरान VB-G RAM G के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को मिशन के उद्देश्यों, कानूनी एवं प्रशासनिक प्रावधानों, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप योजनाओं का चयन और क्रियान्वयन सहभागी तरीके से किया जाना है।

विकसित ग्राम पंचायत योजना पर चर्चा

ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। स्थानीय संसाधनों, भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीण क्षेत्रों की विकास प्राथमिकताओं के आधार पर समावेशी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। यह निर्णय लिया गया कि पंचायत की विकास प्राथमिकताओं का निर्धारण ग्रामीणों की प्रत्यक्ष भागीदारी से किया जाएगा।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर

उप विकास आयुक्त ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वावलंबन को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वयं सहायता समूहों के लिए माइक्रोफाइनेंस की बढ़ाई गई राशि एवं नए वित्तीय प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका में गुणात्मक सुधार लाया जा सकता है।

वरीय अधिकारियों ने भी पंचायतों में लिया हिस्सा

रिफॉर्म उत्सव के सुचारू क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भी विभिन्न पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में भाग लिया। लक्ष्मीपुर प्रखंड की मटिया पंचायत में निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम श्री बलवन्त पाण्डेय तथा बरहट प्रखंड की मलयपुर पंचायत में निदेशक, लेखा श्री राकेश सिंह उपस्थित रहे।

विशेष ग्राम सभा का उद्देश्य सहभागी नियोजन के माध्यम से जिले की पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करना है। उप विकास आयुक्त ने ग्रामीणों से सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा पंचायत के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Pages