जमुई में 587 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त, होंडा कार से तस्करी करते चालक गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Sunday, October 4, 2026

जमुई में 587 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त, होंडा कार से तस्करी करते चालक गिरफ्तार

🔸मनिअड्डा के पास रोकने पर भागने लगा चालक, पीछा कर दिधोई नदी के समीप पकड़ा गया; 68 कार्टन में मिले 3,264 टेट्रा पैक।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एक होंडा मोबिलियो कार से 587.520 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब 68 कार्टन में रखी गई थी।

यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान हुई।

मनिअड्डा के पास जांच के दौरान कार को रोकने का प्रयास

उत्पाद विभाग की टीम मनिअड्डा के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान लखीसराय की ओर से जमुई की तरफ आ रही होंडा मोबिलियो कार (DL 9CU/9712) पर टीम को संदेह हुआ। वाहन को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस बल को देखते ही चालक कार लेकर तेजी से भागने लगा।

उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन का पीछा किया और जेल के आगे अरारी गांव की ओर दिधोई नदी के समीप कार को पकड़ लिया।

कार से 3,264 टेट्रा पैक बरामद

वाहन की तलाशी के दौरान छिपाकर रखी गई विदेशी शराब के कुल 68 कार्टन मिले। इनमें 180 एमएल के 3,264 टेट्रा पैक बरामद हुए। विभाग के अनुसार शराब की कुल मात्रा 587.520 लीटर है।

राजस्थान का रहने वाला है चालक

गिरफ्तार चालक की पहचान अरविन्द भारती, पिता-नरसिंह भारती, निवासी धोलानाड़ा, खुबड़ीबेरी (आडेल), थाना बाड़मेर, जिला बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है।

मामले में गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद कानूनी एवं न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।

तस्करी के नेटवर्क की भी पड़ताल

उत्पाद विभाग बरामद शराब के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े अन्य संभावित लोगों की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में भी आवश्यक जांच की जा रही है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages