कोसी स्नातक निर्वाचन: जमुई में 23 अक्टूबर को होगा मतदान, मैदान में 15 अभ्यर्थी - City Channel

Breaking

Friday, October 16, 2026

कोसी स्नातक निर्वाचन: जमुई में 23 अक्टूबर को होगा मतदान, मैदान में 15 अभ्यर्थी

कोसी स्नातक निर्वाचन: जमुई में 23 अक्टूबर को होगा मतदान, मैदान में 15 अभ्यर्थी

🔸जिला निर्वाचन कार्यालय की राजनीतिक दलों के साथ बैठक में चुनावी तैयारियों, आदर्श आचार संहिता और मतदान प्रक्रिया की दी गई जानकारी।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

16 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरुल हक ने की।

बैठक में राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों को निर्वाचन कार्यक्रम, आदर्श आचार संहिता, मतदान और मतगणना से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और निर्वाचन में कुल 15 अभ्यर्थी मैदान में हैं।

23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोसी स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वहीं, मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी।

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का अक्षरशः पालन करने की अपील की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया।

मतपेटिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था

बैठक में मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित तरीके से पूर्णिया स्थित वज्रगृह तक पहुंचाने की व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जमुई जिले के मतदान केंद्र संख्या 142 से 150 तक कुल नौ मतदान केंद्रों की पोल्ड मतपेटिकाओं को मतदान समाप्ति के बाद मतदान दल और गश्ती दल दंडाधिकारी की निगरानी में समाहरणालय लाया जाएगा।

इसके बाद सभी नौ मतदान केंद्रों की मतपेटिकाओं को एक साथ बड़ी बस से सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्णिया स्थित वज्रगृह पहुंचाया जाएगा। इस दौरान पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, माइक्रो प्रेक्षक और सुरक्षा बल भी साथ रहेंगे।

वहीं, मतदान केंद्र संख्या 151, अंचल अधिकारी कार्यालय सोनो और मतदान केंद्र संख्या 152, अंचल अधिकारी कार्यालय चकाई की मतपेटिकाओं को मतदान समाप्ति के बाद संबंधित मतदान केंद्रों से सीधे पूर्णिया स्थित वज्रगृह पहुंचाया जाएगा।

बैठक में इन दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), इंडियन नेशनल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages