Jamui Pension News: जमुई के 1.90 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची 22.72 करोड़ की पेंशन राशि - City Channel

Breaking

Thursday, September 10, 2026

Jamui Pension News: जमुई के 1.90 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची 22.72 करोड़ की पेंशन राशि

 Jamui Pension News: जमुई के 1.90 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची 22.72 करोड़ की पेंशन राशि

▪️मुख्यमंत्री ने DBT के जरिए किया भुगतान, डीएम ने पेंशनधारियों से जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग कराने की अपील की।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई : सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए 10 सितंबर का दिन उत्सवी माहौल लेकर आया। मुख्यमंत्री, बिहार के द्वारा जमुई जिले के 1,90,405 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 22 करोड़ 72 लाख 60 हजार 600 रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई।

इस अवसर पर गुरुवार को दोपहर 12:30 बजे समाहरणालय, जमुई के सभा कक्ष से जिला पदाधिकारी नवीन, भा.प्र.से. सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के करीब 100 लाभार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक माह की 10वीं तारीख को सभी पेंशनधारियों को पेंशन राशि का नियमित भुगतान बिहार सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

इन योजनाओं के लाभार्थियों को मिली पेंशन

जमुई जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,09,068, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 41,734, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 14,573, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 8,378, बिहार राज्य निःशक्तता पेंशन योजना के 15,446 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,206 लाभार्थियों को पेंशन राशि का भुगतान किया गया।

इस तरह जिले के कुल 1,90,405 लाभार्थियों के बीच 22,72,60,600 रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचाई गई।

जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग जरूरी

जिला पदाधिकारी ने पेंशनधारियों से अपील की कि जिन लाभार्थियों ने इस वर्ष अभी तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है, वे कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से जल्द से जल्द निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा लें।

उन्होंने बताया कि अब पेंशन राशि का भुगतान Aadhaar Bridge Payment (ABP) के माध्यम से किया जाना है। इसके लिए संबंधित बैंक खाते में आधार सीडिंग अनिवार्य है।

डीएम ने पेंशनधारियों से संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर अपने बैंक खाते के साथ आधार सीडिंग सुनिश्चित कराने की अपील की, ताकि भविष्य में पेंशन राशि के भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें नियमित रूप से पेंशन मिलती रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages