Patna CBI Action: 15 हजार की रिश्वत लेते महिला आयकर अधिकारी गिरफ्तार, क्लर्क भी पकड़ी गई
▪️NGO को 12ए और 80जी प्रमाणपत्र देने के बदले 75 हजार मांगने का आरोप, CBI ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ा।
पटना। राजधानी पटना में CBI की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) टीम ने एक महिला आयकर अधिकारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान विभाग की एक महिला क्लर्क को भी पकड़ा गया है। आरोप है कि एक NGO को आयकर विभाग से 12ए और 80जी प्रमाणपत्र जारी करने के बदले 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
मामला श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान से जुड़ा है। संस्थान ने 12ए और 80जी प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आरोप के अनुसार, महिला आयकर अधिकारी सुनंदा कुमार ने प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में संस्थान के प्रतिनिधि से 75 हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद संस्थान के प्रतिनिधि ने CBI से शिकायत की।
शिकायत मिलने पर पटना ACB की टीम ने मामले की जांच की। आरोप सही पाए जाने के बाद CBI ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई। DSP रुबी चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आयकर गोलंबर स्थित आयकर कार्यालय पहुंचा और रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये दिए। आरोप है कि महिला अधिकारी ने रकम खुद लेने के बजाय विभागीय क्लर्क के माध्यम से स्वीकार की। लेन-देन होते ही पहले से मौजूद CBI टीम ने दोनों को पकड़ लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को CBI पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रमाणपत्र जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का यह अकेला मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है। आयकर कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
नोट: आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

No comments:
Post a Comment