राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए बच्चे, इम्पार्शियल पब्लिक स्कूल में मना जन्माष्टमी उत्सव
खैरा : गोपालपुर पंचायत के चौहानडीह स्थित इम्पार्शियल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को जन्माष्टमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे राधा और भगवान श्रीकृष्ण के रूप में सजकर पहुंचे। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक रूप ने अभिभावकों व ग्रामीणों का खूब ध्यान खींचा।
जन्माष्टमी को लेकर विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्सवी माहौल बना रहा। बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाने और तैयार करने में स्कूल की शिक्षिकाओं ने विशेष मेहनत की। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावक और आसपास के ग्रामीण भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
भारतीय संस्कृति से परिचित हुए बच्चे
विद्यालय के प्राचार्य कुंदन मिश्र ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण और राधा के जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ प्रेम, त्याग और आदर्शों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राधा-कृष्ण भारतीय संस्कृति और सभ्यता के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। उनके जीवन से बच्चों को प्रेम, समर्पण और अच्छे संस्कारों की सीख मिलती है। प्राचार्य ने बच्चों से इन आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका सलोनी सिंह, पल्लवी सिंह, नेहा वर्मा, सोनी पांडेय, तन्नू सिंह और खुशी के साथ शिक्षक देवराज, सौरव पांडेय, अभिषेक यादव एवं अनिकेत सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य कुंदन मिश्र ने सभी सहयोगियों, अभिभावकों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
.png)
No comments:
Post a Comment