12 साल का इंतजार खत्म, द्वारपहाड़ी में शुरू हुआ मॉडल थाना; पांच पंचायतों को मिलेगी पुलिस सुविधा
झाझा। जन्माष्टमी के अवसर पर द्वारपहाड़ी मॉडल थाना का उद्घाटन किया गया। झाझा थाना से अलग कर बनाए गए इस नए थाना का निर्माण सर्किल नंबर-1 के सिकरडीह में किया गया है। थाना शुरू होने से बोड़वा, बैजला, पैरगाहा, करमा और करहरा पंचायत के ग्रामीणों को अब पुलिस संबंधी कार्यों के लिए दूर झाझा थाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नए थाना भवन का उद्घाटन बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, डीएम नवीन कुमार और एसपी विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने थाना परिसर में पौधारोपण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
2014 में मिली थी मंजूरी
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि द्वारपहाड़ी थाना की मंजूरी बिहार कैबिनेट से वर्ष 2014 में ही मिल गई थी। जमीन उपलब्ध कराने में हुई देरी के कारण इसका निर्माण लंबे समय तक अटका रहा। थाना द्वारपहाड़ी मोड़ पर प्रस्तावित था, लेकिन जमीन नहीं मिलने के कारण इसे सिकरडीह में बनाया गया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को पहले दुर्गम इलाकों में गिना जाता था और शाम के बाद आवागमन में लोगों को परेशानी होती थी। क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नया थाना अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा।
औद्योगिक विकास की भी उम्मीद
डीएम नवीन कुमार ने कहा कि जिले की अंतिम सीमा के पास होने के कारण नए थाना की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। पुलिस प्रशासन लोगों की सुरक्षा और भरोसे को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि करीब 200 एकड़ जमीन उपलब्ध होने पर क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि थाना खुलने से पांच पंचायतों के लोगों को पुलिस सेवा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। उन्होंने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की और साइबर अपराधियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
गौरतलब है कि इन पांच पंचायतों के ग्रामीणों को एफआईआर दर्ज कराने समेत अन्य पुलिस कार्यों के लिए करीब 30 किलोमीटर दूर झाझा थाना जाना पड़ता था। नए थाना के शुरू होने से ग्रामीणों को समय और दूरी दोनों के लिहाज से राहत मिलेगी।

No comments:
Post a Comment