जमुई में विकसित ग्राम पंचायत योजना पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण, स्थानीय जरूरतों के अनुसार बनेगा प्लान
🔻2 अक्टूबर की ग्राम सभा में पारित होगा VGPP; जल सुरक्षा, आधारभूत संरचना, आजीविका और मौसम अनुकूलन पर रहेगा जोर।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई। विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) को लेकर शनिवार को जमुई में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, निदेशक एनईपी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विभिन्न प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी एवं प्रखंड कर्मी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ‘विकसित भारत-जी राम जी’ के तहत निर्धारित 375 प्रकार की योजनाओं में से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाओं का चयन कर विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) तैयार करना है। तैयार प्लान को आगामी 2 अक्टूबर को होने वाली ग्राम सभा में पारित कराया जाएगा।
योजना के तहत जल सुरक्षा से जुड़ी 128, ग्रामीण आधारभूत संरचना की 111, आजीविका से संबंधित 98 तथा मौसम अनुकूलन से जुड़ी 38 प्रकार की योजनाओं पर काम किया जाना निर्धारित है।
जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम पदाधिकारियों, कार्यपालक अभियंताओं, कनीय अभियंताओं एवं पंचायत तकनीकी सहायकों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं के चयन का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवसों के सृजन के साथ टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर दिया। पेयजल समस्या के समाधान के लिए अलीगंज और चकाई प्रखंड में प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया।
वर्ष 2047 तक ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीणों की आजीविका में सुधार के लिए स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उप विकास आयुक्त ने योजना तैयार करने और क्रियान्वयन में तकनीकी मानकों का पालन करने की बात कही।
जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद अब प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। इसमें जनप्रतिनिधियों और कर्मियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment