चक्रवाती तूफान से 14 परिवार प्रभावित, प्रशासन ने बांटी तिरपाल
🔻हिड़म्बा गांव में कई कच्चे मकान ध्वस्त, गृह क्षति का कराया जा रहा आकलन; पात्र परिवारों को आगे सरकारी सहायता का भरोसा।
जमुई। चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ के प्रभाव से लक्ष्मीपुर प्रखंड की मड़ैया पंचायत के हिड़म्बा गांव (पोस्ट-गौरा) में कई कच्चे मकान ध्वस्त हो गए, जबकि कई घरों को गंभीर क्षति पहुंची। घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचल प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई।
अंचल कार्यालय द्वारा चिन्हित 14 प्रभावित परिवारों को प्लास्टिक शीट (तिरपाल) वितरित की गई। प्रशासन के अनुसार, आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सिर छिपाने और अस्थायी सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राहत सामग्री दी गई है।
राहत पाने वाले परिवारों में संगीता देवी, दिलीप कुमार तांती, चमरू तांती, रुकमा देवी, प्रकाश तांती, विकाश तांती, रामू तांती, लक्ष्मण तांती, जयचन तांती, भुनेश्वर तांती, आमोद तांती, जानकी तांती, शंभू तांती और विनो तांती शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी अंचलाधिकारियों को आपदा की सूचना मिलते ही संवेदनशीलता और तत्परता के साथ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही पात्र लाभुकों को नियमानुसार सरकारी सहायता का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
अंचल प्रशासन के अनुसार, तिरपाल वितरण तत्काल राहत के तौर पर किया गया है। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार गृह क्षति का आकलन कराया जा रहा है। आकलन के आधार पर पात्र परिवारों को नियमानुसार आगे की सरकारी सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

No comments:
Post a Comment